गोटन में श्रीयादे माता मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव (Gotan Prajapati Samaj Shri Yade Mata Pran Pratishtha Mahotsav 2026)
गोटन में श्रीयादे माता मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव: 19 से 23 अप्रैल तक धर्ममय आयोजन, 22 को भव्य शोभायात्रा, 23 को मुख्य अनुष्ठान
मेड़ता सिटी/गोटन। औद्योगिक नगरी गोटन में भक्त शिरोमणि श्री श्रीयादे माता प्रजापति मंदिर में श्री श्रीयादे माता एवं शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर भव्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंदिर समिति द्वारा आयोजित यह पांच दिवसीय धार्मिक महोत्सव 19 अप्रैल से 23 अप्रैल तक धूमधाम से संपन्न होगा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष रामकिशोर मंगरोला ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और अब विधि-विधान से मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।
मुख्य व विशेष अतिथि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में युवा भामाशाह एवं समाजसेवी विनोद प्रजापति (गगराना, हाल बेंगलुरु) शामिल होंगे।
वहीं विशेष अतिथि के रूप में किन्नर समाज की गद्दीपति राजकुमारी बाई सा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
22 अप्रैल को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
महोत्सव के तहत 22 अप्रैल को गोटन में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस दौरान देश के ख्यातनाम समाज के कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियां देंगे, जिनमें—
सोजत की प्रसिद्ध कच्ची घोड़ी नृत्य
जसोल की पारंपरिक गैर
पंजाब का ऊर्जावान भंगड़ा नृत्य
शामिल रहेंगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय हो उठेगा।
संत-महापुरुषों व जनप्रतिनिधियों की रहेगी मौजूदगी
कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के संत-महापुरुष, महामंडलेश्वर, जनप्रतिनिधि एवं समाज के पदाधिकारी भी भाग लेंगे। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
गांव-गांव से मिल रहा सहयोग
मंदिर समिति की टीम द्वारा विभिन्न गांवों में पहुंचकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समाज बंधुओं ने भोजन, पानी, टेंट, स्वागत सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी स्वयं लेकर आयोजन को सफल बनाने का बीड़ा उठाया है।
इसी क्रम में आज मेड़ता स्थित प्रजापति छात्रावास में गोटन श्रीयादे माता मंदिर की टीम के पदाधिकारियों ने पहुंचकर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी तथा मुख्य एवं विशेष अतिथियों से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया और सहमति प्राप्त की।
हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना
मंदिर समिति के अनुसार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में राजस्थान सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में भामाशाह व समाज बंधु शामिल होंगे। आयोजन में 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना जताई जा रही है, जिसके अनुसार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया है।
0 $type={blogger}:
Post a Comment